सोनभद्र। सोनभद्र के हाथीनाला थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हथवानी गांव के पास दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ ही पलों में आग की चपेट में आ गए। हादसे के समय ट्रकों में सवार ड्राइवर और खलासी बाहर नहीं निकल सके।
एक चालक को बचाया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद एक ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग में जिंदा जले दो लोग
वहीं, दो अन्य लोग ट्रक में फंसे रह गए और आग की लपटों में जिंदा जल गए। एक अन्य खलासी के भी अंदर फंसे होने की आशंका है, लेकिन ट्रक पूरी तरह जल जाने के कारण इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
कई दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सड़क पर बिखरा दूध, लगा लंबा जाम
बताया जा रहा है कि एक ट्रक में राख लदी थी, जबकि दूसरे ट्रक में दूध के पैकेट भरे हुए थे, जो हादसे के बाद सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना के कारण मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए यातायात डायवर्ट किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
