लखनऊ। इलाहाबाद हाईकोर्ट लखनऊ पीठ परिसर में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर पांचवीं मंजिल की छत पर चढ़ गई और कूदने की धमकी देने लगी। घटना के चलते परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों में दहशत फैल गई।

महिला अपने बच्चे को लेकर छत के किनारे खड़ी हो गई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे एडवोकेट चैंबर के सी ब्लॉक की छत पर महिला अचानक दिखाई दी। महिला अपने बच्चे को लेकर छत के किनारे खड़ी हो गई और नीचे कूदने की बात कहने लगी। यह दृश्य देखकर नीचे मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस और सीआरपीएफ ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और हालात को संभालने में जुट गई। सुरक्षा के मद्देनजर छत के नीचे जाल बिछाया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में महिला और बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सके।वहीं दूसरी ओर महिला पुलिस और अन्य जवानों की टीम को छत पर भेजा गया, जिन्होंने महिला से बातचीत शुरू की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक महिला तनाव में रही और नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई।

करीब एक घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों ने धैर्य और सूझबूझ से काम लिया। लगातार समझाने और भरोसा दिलाने के बाद आखिरकार महिला मान गई और उसे बच्चे सहित सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।महिला और बच्चे के सुरक्षित होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थी, जिसके चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और महिला से पूछताछ की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की काउंसलिंग कराई जाएगी और उसके परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। घटना के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *