बिजनौर। यूपी के बिजनौर में आतंक से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। शुक्रवार को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आतंकी आकिब के दो करीबी साथियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़कर कट्टरपंथ और हिंसक गतिविधियों के लिए तैयार कर रहा था।
दोनों लंबे समय से आकिब के संपर्क में थे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद मलिक और जलाल हैदर उर्फ समीर के रूप में हुई है। दोनों लंबे समय से आकिब के संपर्क में थे और उसके इशारे पर काम कर रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इनका मकसद देश में अस्थिरता फैलाना और युवाओं को भड़काकर बड़ी वारदातों को अंजाम देना था।
पहले भी सामने आ चुका है खतरनाक प्लान
इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां पहले से ही सामने आ चुकी थीं। उत्तर प्रदेश एटीएस ने 2 अप्रैल को मेरठ और गौतमबुद्धनगर से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि ये लोग लखनऊ रेलवे स्टेशन को निशाना बनाकर विस्फोट करने की योजना बना रहे थे।पूछताछ के दौरान पता चला कि इस पूरे नेटवर्क को विदेश में बैठे आकिब द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो वर्तमान में दुबई में रह रहा है। वह पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में रहकर भारत में युवाओं को जोड़ने का काम कर रहा था।
सोशल मीडिया बना सबसे बड़ा हथियार
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए सक्रिय था। युवाओं को भड़काने, कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने और उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल करने के लिए ऑनलाइन माध्यम का इस्तेमाल किया जा रहा था।नवंबर 2025 में एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें आकिब अपने साथियों के साथ आधुनिक हथियारों जैसे एके-47 और ग्रेनेड का प्रदर्शन करता नजर आया था। उस समय मामला दब गया था, लेकिन हालिया गिरफ्तारी के बाद इसे फिर से खोला गया।
विदेश में बैठे आरोपियों पर भी शिकंजा
पुलिस ने इस मामले में विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है। मैजुल (दक्षिण अफ्रीका) और आजाद (सऊदी अरब) के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। आकिब के खिलाफ पहले ही कई सर्कुलर जारी किए जा चुके हैं और उसके पासपोर्ट को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। नजीबाबाद के समीर उर्फ रुहान की तलाश में भी टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।
