लखनऊ। राजधानी के काकोरी थाना क्षेत्र के मोहान रोड स्थित इब्राहिम गंज गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक बहू ने कथित रूप से अपनी सास को रोटी में जहर मिलाकर खिला दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरी साजिश प्रेम प्रसंग के चलते रची गई थी।

मृतका की पहचान 65 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई

मृतका की पहचान 65 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है। आरोप है कि उनकी बहू शालिनी रावत (30) ने पांच अप्रैल की रात खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर उन्हें खिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद ही शांति देवी की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह अप्रैल को उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने जल्दबाजी में उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

प्रेम प्रसंग में रची गई साजिश

मृतका के बेटे मनोज रावत के अनुसार, शालिनी का पिछले दो महीनों से अपने सगे भांजे करन (25) के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि करन के कहने पर ही शालिनी ने सास को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।परिजनों का दावा है कि आरोपी दोनों संपत्ति पर कब्जा कर नई जिंदगी शुरू करना चाहते थे।

ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा

घटना का खुलासा नौ अप्रैल को हुआ, जब परिवार के एक सदस्य ने बताया कि शालिनी ने कीटनाशक की दुकान से जहरीला पदार्थ मंगवाया था। शक होने पर घर की तलाशी ली गई तो मौरंग के ढेर में छिपाकर रखी गई जहरीली दवा और आधी बची रोटी बरामद हुई।कड़ाई से पूछताछ करने पर शालिनी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

प्रधान की सूझबूझ से खुला राज

ग्राम प्रधान की सूझबूझ से इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश हुआ। प्रधान ने महिला को भरोसे में लेकर बातचीत की, जिसे गुप्त रूप से मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो पुलिस को सौंप दिया गया, जिसे अब जांच में शामिल किया जा रहा है।

कब्र से निकाला जाएगा शव

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से अनुमति लेकर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और जहर मिली रोटी को कब्जे में ले लिया है।

पहले भी की थी कोशिश, पुलिस कर रही जांच

परिजनों का आरोप है कि शालिनी इससे पहले भी चाय में जहर मिलाकर सास को मारने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन उस समय सास ने चाय नहीं पी थी, जिससे उनकी जान बच गई थी।उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में शालिनी और उसके प्रेमी करन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *