लखनऊ। यूपी की राजधानी पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर पूरे कमिश्नरेट में एक साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
थाना प्रभारियों की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई
यह अभियान 9 अप्रैल की रात 9 बजे से 11 बजे तक चलाया गया, जिसमें सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों, सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP) और थाना प्रभारियों की टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना और आमजन, विशेषकर महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना था।
शहर के 101 प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की गई
इस दौरान शहर के 101 प्रमुख स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें कुल 2224 लोगों की जांच की गई। इनमें से 396 लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते और हुड़दंग करते पाए गए, जिनके खिलाफ धारा 34 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही सभी को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी
पुलिस टीमों ने गोपालपुरवा, पेपर मिल रोड, रिंग रोड, मोतीनगर, राजेंद्र नगर, कल्ली पश्चिमी, जगतखेड़ा मोड़, सलेमपुर, 60 फीटा रोड, इंजीनियरिंग चौराहा, मिर्जागंज, तिवारीगंज, गीतापुरी मार्केट, खरगापुर चौराहा और हुसड़िया जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी।
जोनवार कार्रवाई
उत्तरी जोन: 78 चालान
दक्षिणी जोन: 45 चालान
पूर्वी जोन: 70 चालान
पश्चिमी जोन: 125 चालान
मध्य जोन: 78 चालान
कुल: 396 चालान
पुलिस आयुक्त का संदेश
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि आम जनता की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया है। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंगई से दूर रहें।
