smupnews

अयोध्या में खौफनाक वारदात: पत्नी ने पति को हथौड़े से मार डाला, फिर ट्रेन से कटी,कमरे में बंद मासूम की भी मौत

अयोध्या । अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के करेरू गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते तीन जिंदगियां खत्म हो गईं।जानकारी के मुताबिक, एक महिला ने पहले अपने पति की हथौड़े से निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद उसने पति के शव और अपने 22 दिन के दुधमुंहे बच्चे को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।

ट्रेन से कटकर महिला ने दी जान

पति की हत्या के बाद महिला घर से निकल गई और देवराकोट के पास अयोध्या-लखनऊ रेलखंड पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

कमरे में बंद मासूम की तड़प-तड़प कर मौत

सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि कमरे में बंद 22 दिन का नवजात बच्चा भूख-प्यास से तड़पता रहा और आखिरकार उसकी भी मौत हो गई। जब तक परिजन और आसपास के लोग पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

खेत में थे परिजन, लौटे तो मचा कोहराम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय मृतक के माता-पिता खेत में गेहूं काटने गए हुए थे। जब वे लौटे तो घर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए और पूरे गांव में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, लिंक अफसर आशीष निगम और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर पति-पत्नी के बीच ऐसा कौन सा विवाद हुआ, जिसने इतनी खौफनाक वारदात को जन्म दिया।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *