कासगंज। यूपी के कासगंज जिले के गंजडुंडवारा क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के ग्राम नगला जैली के पास नरदोली-बहोरा मार्ग पर करीब शाम 6 बजे ट्रैक्टर का बंपर अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने गए थे
हादसे में ट्रॉली में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान महाराज सिंह (60), मुकेश (50) और राजेंद्र के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि सभी ग्रामीण गंजडुंडवारा क्षेत्र के बरा जलालपुर गांव में एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने गए थे और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।दुर्घटना में विनीता (45), सुनीता (35) और बिजेंद्र (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद गांव में शोक की लहर
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
