लखनऊ/सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट लखनऊ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएनटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से गुरुवार को सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के दरमा गांव के पास छापेमारी कर तीन अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बोलेरो में गांजा लादकर करने जा रहे थे सप्लाई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिकअप और बोलेरो वाहन में अवैध गांजा लादकर सप्लाई के लिए जा रहे थे। टीम ने मौके से 107 किलो अवैध गांजा, दो चार पहिया वाहन, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 1,140 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है।
संगठित तरीके से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे
एएनटीएफ के उपनिरीक्षक सूरज सिंह ने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान लवकुश यादव (सोनभद्र), रंजीत यादव (भभुआ, बिहार) और इन्दल यादव (चंदौली) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आपस में पार्टनर हैं और संगठित तरीके से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे।
गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी
आरोपियों ने बताया कि वे सस्ते दामों में गांजा खरीदकर आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुट गई है।इस कार्रवाई को प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है
