फर्रुखाबाद । उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बहन ने अपने ही भाई को मौत के घाट उतरवा दिया। प्रेम संबंध का राज खुलने के डर में उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।मृतक करन मिश्रा (25) अपने सपनों को पूरा करने की राह पर था। वह पुलिस सेवा में जाने की तैयारी कर रहा था और हाल ही में दरोगा भर्ती परीक्षा भी देकर आया था। मंगलवार को वह अपनी बहन को ससुराल छोड़ने गया था और देर होने पर वहीं रुक गया। लेकिन उसी रात उसकी जिंदगी खत्म हो गई।

आरोप है कि प्रेमी ने उसके सिर में गोली मारी

बताया जा रहा है कि करन को अपनी बहन पूजा के डेढ़ साल से चल रहे प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी। यह बात पूजा और उसके प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू को नागवार गुजरी। दोनों ने मिलकर करन को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।रात के समय घर में ही करन को गोली मार दी गई। आरोप है कि प्रेमी ने उसके सिर में गोली मारी, जबकि बहन पूजा ने पूरी वारदात में उसका साथ दिया। हत्या के बाद दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाया और घर में फैले खून के निशानों को साफ कर सबूत मिटाने की कोशिश की।

यह साजिश ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी

हालांकि, यह साजिश ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी। घटना का सबसे बड़ा गवाह बना 10 साल का भांजा रितिक, जिसने पूरी वारदात अपनी आंखों से देखी थी। शुरुआत में सहमा हुआ रितिक चुप रहा, लेकिन बाद में उसने पुलिस और परिजनों के सामने सच्चाई बयां कर दी।पुलिस ने जब शक के आधार पर बहन पूजा से पूछताछ की, तो वह टूट गई और पूरा सच सामने आ गया। आरोपी प्रेमी के साथ मिलकर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे से करन का शव बरामद कर लिया, जिसके सिर में गोली लगी थी।

भाई की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की थी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बहन ने खुद थाने पहुंचकर भाई की गुमशुदगी दर्ज कराने की कोशिश की थी, लेकिन उसकी बातों में विरोधाभास होने से शक गहरा गया।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी और दहशत का माहौल है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *