एटा। यूपी के एटा जिले के मलावन थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ससुराल आए एक युवक ने पत्नी के साथ न जाने पर गुस्से में आकर मोबाइल टावर पर चढ़कर बवाल खड़ा कर दिया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और उसे समझाने बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।

युवक की पत्नी लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी

जानकारी के अनुसार, युवक की पत्नी लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी। उसे मनाने के लिए युवक ससुराल पहुंचा और काफी देर तक साथ चलने के लिए समझाता रहा, लेकिन पत्नी ने साफ इंकार कर दिया। इससे नाराज होकर युवक पास में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया।युवक को टावर पर चढ़ता देख आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बार-बार पत्नी को साथ ले जाने की मांग करता रहा

परिजनों ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा और बार-बार पत्नी को साथ ले जाने की मांग करता रहा।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक मशक्कत के बावजूद वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि पुलिस को भी बिना सफलता के लौटना पड़ा।फिलहाल युवक टावर पर ही बैठा हुआ है, जिससे किसी भी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और परिजन लगातार उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *