लखनऊ। राजधानी में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब विधानभवन (लोकभवन) के गेट पर एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर तैनात आत्मदाह निरोधक दस्ता और पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे आग लगाने से पहले ही काबू में कर लिया और बड़ा हादसा टाल दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला अचानक लोकभवन गेट पर पहुंची और अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इससे पहले कि वह खुद को आग के हवाले कर पाती, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और थाने ले गए।

महिला पहले भी कर चुकी है आत्मदाह की कोशिश

महिला की पहचान संध्या सिंह के रूप में हुई है, जो मानकनगर क्षेत्र की निवासी है। उसने आरोप लगाया कि उसकी करीब 2 बिस्वा जमीन पर पड़ोसी ने जबरन कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत और पैमाइश के बावजूद जमीन को स्पष्ट रूप से चिह्नित नहीं किया जा सका। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।चौंकाने वाली बात यह है कि महिला इससे पहले 27 फरवरी को भी इसी तरह आत्मदाह की कोशिश कर चुकी है।

उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया

तब अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।पीड़िता ने बताया कि वह जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री की जनसुनवाई तक गुहार लगा चुकी है, लेकिन हर बार इसे “सिविल मामला” बताकर टाल दिया गया। लगातार अनसुनी और उत्पीड़न से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *