गोंडा । जिले में चर्चित शीला हत्याकांड की जांच में अब एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है, जिसमें प्रेम संबंध और पैसों के लेन-देन की गहरी कहानी उजागर हो रही है।पुलिस जांच के मुताबिक, 25 वर्षीय शीला ने Instagram के जरिए बिहार के रहने वाले अरुण कुमार से संपर्क किया। कम फॉलोअर्स होने के बावजूद उसने खुद को “बड़े घर की बेटी” बताकर अरुण को प्रभावित किया और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती फिर प्रेम संबंध बन गए।
अरुण ने अपने दोस्तों से उधार लेकर करीब 20 हजार उसे दिए
बताया जा रहा है कि दिसंबर 2022 में शीला ने पहली बार अरुण से पैसों की मांग की। अरुण ने अपने दोस्तों से उधार लेकर करीब 20 हजार रुपये उसे दिए। इसके बाद शीला ने बार-बार पैसों की मांग शुरू कर दी। कभी 25 हजार, कभी 30 हजार और फिर 11 हजार रुपये—इस तरह चार साल में उसने करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से अरुण से ले लिए।जांच में यह भी सामने आया है कि अरुण पेशे से मोबाइल मैकेनिक था और अतिरिक्त कमाई के लिए इलेक्ट्रीशियन का काम भी करता था। वह अपनी मेहनत की कमाई शीला को देता रहा, ताकि वह अपने शौक पूरे कर सके।
अरुण ने खुद गोंडा आकर सच्चाई जानने की कोशिश की
जब भी अरुण बिहार से गोंडा आता, दोनों होटल में मिलते थे। मुलाकात के दौरान शीला मीठी-मीठी बातों में अरुण को उलझाकर उससे पैसे ले लेती थी। अरुण कई बार चाहता था कि शीला उसे अपने घर ले जाए, लेकिन वह हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर अपनी सच्चाई छिपाती रही।दोनों के बीच फोन पर बातचीत को लेकर कई बार विवाद भी हुआ। आखिरकार एक दिन अरुण ने खुद गोंडा आकर सच्चाई जानने की कोशिश की, तब उसे एहसास हुआ कि फोन पर कही गई बातें हकीकत से काफी अलग थीं।फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले में प्रेम संबंध, आर्थिक शोषण और हत्या के बीच कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है।
