smupnews

लखनऊ धमाके की साजिश का खुलासा: दुबई से मॉड्यूल चला रहा था आकिब, ATS ने 4 आरोपियों को दबोचा

लखनऊ । देश में आतंकी साजिशों को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। यूपी एटीएस की जांच में पता चला है कि मेरठ का रहने वाला आकिब दुबई में बैठकर पूरे मॉड्यूल को ऑपरेट कर रहा था और भारत में युवाओं को भड़काकर आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहा था।

दुबई से ऑपरेट हो रहा था नेटवर्क

जांच के मुताबिक, आकिब लंबे समय से दुबई में रह रहा है और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के हैंडलर्स के संपर्क में है। उसी ने साकिब को इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के माध्यम से इन हैंडलर्स से जोड़ा। इसके बाद साकिब सीधे उनसे संपर्क में आ गया और देश से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा करने लगा।

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर हमले की साजिश

यूपी एटीएस ने इस मामले में साकिब उर्फ डेविल, अरबाब, विकास उर्फ रौनक और लोकेश उर्फ पपला पंडित को गिरफ्तार किया है। ये सभी लखनऊ रेलवे स्टेशन पर विस्फोट की साजिश को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन समय रहते इन्हें पकड़ लिया गया।

आकिब की बड़ी भूमिका

एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार, आकिब इस पूरे नेटवर्क का अहम किरदार है। वह पाकिस्तान के बड़े आतंकी हैंडलर्स के संपर्क में रहकर भारत में मॉड्यूल तैयार करने का काम कर रहा था। आशंका है कि उसने देश के अलग-अलग हिस्सों में ऐसे कई नेटवर्क तैयार किए हैं।

सोशल मीडिया से मिला सुराग

जांच एजेंसियों को आकिब के सोशल मीडिया अकाउंट से अहम सुराग मिले। उसने हथियारों, यहां तक कि एके-47 के साथ तस्वीरें साझा की थीं। इन्हीं के आधार पर एजेंसियों ने जांच आगे बढ़ाई और पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया।

5 दिन की रिमांड पर आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से यूपी एटीएस को 5 दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है। अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और किन-किन जगहों को निशाना बनाने की योजना थी।

अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी

इस पूरे मामले ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी साजिशों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। हालांकि, समय रहते यूपी एटीएस की कार्रवाई ने एक बड़ी घटना को टाल दिया है। अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी हैं।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *