लखनऊ । यूपी की राजधानी के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। घरेलू विवाद से परेशान एक ट्रक चालक ने स्टीयरिंग में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे बचा लिया।घटना 4 अप्रैल की है, जब थाना गोसाईंगंज के प्रभारी निरीक्षक डी.के. सिंह को सूचना मिली कि कबीरपुर कट के पास एक व्यक्ति ट्रक में फंदा लगाकर आत्महत्या कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।
ट्रक के स्टीयरिंग से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला
मौके पर पहुंचे आरक्षी रंजीत कुमार ने देखा कि चालक बेहोशी की हालत में ट्रक के स्टीयरिंग से फंदे के सहारे लटका हुआ है, लेकिन उसकी सांसें चल रही थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईंगंज पहुंचाया गया।डॉक्टरों के मुताबिक, अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो चालक की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पत्नी से झगड़े के चलते मानसिक तनाव में आ गया था
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह रुद्रपुर से नई मोटरसाइकिलें लेकर देवघर गया था और वापस लौट रहा था। इस दौरान पत्नी से चल रहे विवाद और फोन पर हुए झगड़े के कारण वह मानसिक तनाव में आ गया और आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की।पुलिस ने चालक की काउंसलिंग कर उसे समझाया और जीवन में किसी भी परिस्थिति में निराश न होने की सलाह दी। चालक ने पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल के लिए आभार भी व्यक्त किया।यह पूरा घटनाक्रम लखनऊ पुलिस की सक्रियता, संवेदनशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया का उदाहरण है, जिससे एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकी।
