वाराणसी। योगी आदित्यनाथ ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अंतिम दिन शनिवार को काशी के प्रसिद्ध बाबा काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।
हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बाबा कालभैरव मंदिर में पहुंचकर श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना, प्रदक्षिणा और आरती की। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें स्नेह भी दिया।इसके बाद वे श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और गर्भगृह में ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजन किया। पूरे परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों की गूंज सुनाई दी।
कंपोजिट विद्यालय में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत करेंगे
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में स्कूल चलो अभियान की शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिलों में किया जाएगा। कार्यक्रम में निपुण बच्चों, विद्यालयों और नव प्रवेशी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा तथा बच्चों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर उनसे संवाद भी करेंगे।मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
