लखनऊ/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। सहारनपुर यूनिट ने शुक्रवार को एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये की हेरोइन बरामद की है।
बरेली से हेरोइन लाकर शामली में सप्लाई करने जा रहा था
एएनटीएफ टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नानौता थाना क्षेत्र स्थित माध्यमिक विद्यालय जम्मू गढ़ के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 662 ग्राम अवैध हेरोइन, एक मोबाइल फोन और 830 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 32 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहारनपुर जिले के झिंझाना थाना क्षेत्र के रतौंध उर्फ रोटन गांव निवासी जुनैद पुत्र इस्लाम के रूप में हुई है। एएनटीएफ के उपनिरीक्षक रवि कुमार के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बरेली से हेरोइन लाकर शामली में सप्लाई करने जा रहा था और लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त है।
गिरोह में शामिल अन्य का पता करने में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई से साफ है कि नशे का नेटवर्क युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेने के लिए लगातार सक्रिय है। तस्कर जहां मोटी कमाई कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर युवाओं की जिंदगी बर्बादी की ओर धकेली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। एएनटीएफ की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और इसकी जड़ें कहां तक फैली हैं। नशे के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई एक चेतावनी भी है—कानून के शिकंजे से बच पाना अब आसान नहीं।
