मुरादाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात अपराधी और उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी का आखिरकार खात्मा हो गया। बुधवार देर रात एसटीएफ मेरठ यूनिट और मुरादाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने एक सटीक ऑपरेशन में उसे मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। मोंटी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हाल ही में शहर के एक बड़े निर्यातक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित चल रहा था।
घेराबंदी होते ही बरसाईं गोलियां, जवाबी कार्रवाई में ढेर
देर रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास पुलिस को मोंटी की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली। STF और स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जैसे ही उसे रोकने की कोशिश की, मोंटी ने खुद को घिरता देख ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अस्पताल में पहुंचने के बाद हो गई मौत
पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ के साथ ही पश्चिमी यूपी के एक बड़े अपराधी अध्याय का अंत हो गया।
5 करोड़ की रंगदारी और जानलेवा हमला
मोंटी ने हाल ही में मुरादाबाद के चर्चित निर्यातक अरशू ढल से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर उसने कारोबारी पर जानलेवा हमला भी किया था। इस घटना के बाद से वह पुलिस की हिट लिस्ट में था और STF उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
मौके से भारी असलहा बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया:
स्विफ्ट कार
.32 बोर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मेड पिस्टल
.32 बोर की रिवॉल्वर
12 बोर की बंदूक
बड़ी संख्या में खोखा और जिंदा कारतूस
जेल से शुरू हुआ अपराध का सफर, बना गैंग का शूटर
पुलिस जांच में सामने आया कि मोंटी का आपराधिक सफर साल 2010 में एक हत्या के मामले से शुरू हुआ। जेल में ही उसका संपर्क कुख्यात उधम सिंह गैंग से हुआ और जमानत पर बाहर आने के बाद उसने अपराध को ही अपना पेशा बना लिया।
36 संगीन मुकदमों का आरोपी
मोंटी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 36 संगीन मामले दर्ज थे। उसके अपराधों का नेटवर्क गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद तक फैला हुआ था।एसएसपी सतपाल अंतिल और एसपी सिटी रणविजय सिंह के मुताबिक,
“मोंटी एक बेहद खतरनाक अपराधी था
“मोंटी एक बेहद खतरनाक अपराधी था, जो लगातार बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगी थीं। मुठभेड़ में उसका मारा जाना पुलिस के लिए बड़ी सफलता है।”इस एनकाउंटर ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है। STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने एक बड़े गैंग के शार्प शूटर का अंत कर दिया, जिससे व्यापारियों और आम जनता ने राहत की सांस ली है।
