लखनऊ । राजधानी के Ekana Cricket Stadium में बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिकेट का जुनून अपने चरम पर देखने को मिला। Lucknow Super Giants ने इस सीजन में नए लोगो और बदली हुई जर्सी के साथ मैदान में उतरकर नई शुरुआत की, लेकिन उनका पहला घरेलू मुकाबला Delhi Capitals के खिलाफ उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।मैदान पर जहां हाथी और बाघ की प्रतीकात्मक भिड़ंत थी, वहीं असल मुकाबले में दिल्ली की टीम ने लखनऊ पर दबदबा बना लिया। हालांकि, मैच से ज्यादा चर्चा स्टेडियम के अंदर और बाहर दिखे फैंस के जोश और जुनून की रही।
दर्शकों ने खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की
स्टेडियम में पहुंचे दर्शकों ने खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की। कोई अपने चेहरे पर दोनों टीमों के नाम लिखवाए दिखा तो कोई तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। लखनऊ की तहजीब मैदान में भी झलकती रही, जहां मेहमान टीम का भी खुले दिल से स्वागत किया गया।लखनऊ के कप्तान Rishabh Pant और तेज गेंदबाज Mohammed Shami के लिए फैंस का खास उत्साह देखने को मिला। पंत के नाम वाली जर्सी सबसे ज्यादा बिकती नजर आई, हालांकि उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वह जल्दी रन आउट हो गए।
दिल्ली को जीतते देखकर स्टेडियम होने लगा खाली
मुकाबले में रोमांच तब चरम पर पहुंचा जब दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने KL Rahul को आउट कर दिया। इसके बाद भी मैच में उतार-चढ़ाव जारी रहे, लेकिन धीरे-धीरे दिल्ली की टीम जीत की ओर बढ़ती गई।लो-स्कोरिंग मैच में जब दिल्ली को आखिरी छह ओवर में 36 रन की जरूरत थी, तब ही दर्शकों का एक बड़ा हिस्सा स्टेडियम छोड़ने लगा, जिससे साफ था कि मुकाबले का रुख तय हो चुका था।मैच के दौरान व्यवस्था भी खास रही।
दर्शकों की सुविधा के लिए Lucknow Metro का संचालन देर रात तक किया गया और फीडर बसों की भी व्यवस्था रही, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।कुल मिलाकर, भले ही मुकाबले में Lucknow Super Giants को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इकाना स्टेडियम में क्रिकेट का उत्सव और फैंस का जुनून लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
