लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के फूलवरिया मोड़ पर मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे एक स्लीपर बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्लीपर बस (संख्या NL 07B0685) वाराणसी से प्रयागराज होते हुए जयपुर जा रही थी।
हादसे में घर का गेट और दीवार क्षतिग्रस्त
फूलवरिया मोड़ के पास अचानक सामने से आए ट्रक को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को दाहिनी ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पास स्थित एक मकान में जा टकराया। हादसे में मकान मालिक इस्लाम मोहम्मद के घर का गेट और दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।दुर्घटना में बस चालक विवेक चौहान (42 वर्ष) निवासी इटावा गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका पैर टूटने के कारण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर मार्ग को खाली कराया
वहीं बस परिचालक हर्षदीप (25 वर्ष) निवासी गंगानगर, राजस्थान भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया है।बस में सवार करीब 30–35 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर मार्ग को शीघ्र ही खाली कराया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
