smupnews

STF की बड़ी कार्रवाई: 200 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ। एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को 200 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 52 लाख रुपये आंकी गई है।

ड्राइविंग लाइसेंस, एसबीआई डेबिट कार्ड और नकदी बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत कुमार, निवासी नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है। उसे सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में एचसीएल के पास सर्विस लेन से देर रात गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से गांजा से भरा महिंद्रा ट्रेलर, मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, एसबीआई डेबिट कार्ड और नकदी बरामद हुई है।

ओडिशा से लाकर यूपी में होती थी सप्लाई


एसटीएफ की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह गिरोह ओडिशा से गांजा लोड कर यूपी समेत अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। ट्रेलर में विशेष गुप्त कैविटी बनाई गई थी, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ले जाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।

40-50 हजार में करता था एक खेप की डिलीवरी


आरोपी ने खुलासा किया कि वह हर खेप पहुंचाने के बदले 40 से 50 हजार रुपये लेता था और अब तक 3-4 बार गांजा की सप्लाई कर चुका है। इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड झारखंड निवासी टीपू और तपन बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *