गोण्डा। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कर्नलगंज पुलिस व एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में 25,000 रुपये का इनामी शातिर बदमाश अमित तिवारी उर्फ घुरले पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, मोटरसाइकिल व लूट की नकदी बरामद की गई है।
खुद को घिरता देखकर पुलिस पर कर दी फायरिंग
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाच्या के नेतृत्व में टीम सक्रिय थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित बदमाश नारायणपुर मांझा की ओर आ रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
छिनैती के 22,000 रुपये नकद बरामद
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और छिनैती के 22,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
छिनैती की वारदात से जुड़ा है मामला
ज्ञात हो कि 19 फरवरी 2026 को कर्नलगंज क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के कान की झुमकी झपट्टा मारकर लूट ली थी, जिसमें महिला घायल हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार टीमों का गठन किया था। पूर्व में एक अन्य आरोपी विवेक पाण्डेय को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी अमित तिवारी फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
कई जिलों में सक्रिय रहा है आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश शातिर अपराधी है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर महिलाओं के आभूषण छीनने की वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ गोण्डा, कर्नलगंज, कोतवाली देहात और बस्ती जनपद में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य घटनाओं के खुलासे में जुटी है।
