मीरजापुर। चुनार क्षेत्र के सीखड़ विकास खंड के छितकपुर गांव निवासी विद्या शंकर सिंह की पुत्री शिवली सिंह ने पीसीएस परीक्षा में 103वीं रैंक हासिल कर नायब तहसीलदार पद पर चयनित होकर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

स्व अध्ययन के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की

शिवली सिंह ने लखनऊ से आईएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद वहीं रहकर स्व अध्ययन के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की। उन्होंने बिना कोचिंग के यह मुकाम हासिल किया। इससे पहले उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा भी दो बार दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीसीएस पर फोकस करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

उनके पिता विशेष सचिव के पद से सेवानिवृत्त

उनके पिता विद्या शंकर सिंह कृषि विभाग में विशेष सचिव के पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में लखनऊ में ही निवास कर रहे हैं। शिवली की माता स्व. सरिस सिंह का पिछले वर्ष 19 दिसम्बर को निधन हो गया था। एक भाई हनी सिंह विदेश में पढ़ाई पूरी कर नौकरी कर रहे हैं।

सफलता का श्रेय अपने पिता और दिवंगत माता को दिया

शिवली सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता और दिवंगत माता को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य प्रशासनिक सेवा में रहते हुए देश और समाज की सेवा करना है। शिवली की इस उपलब्धि पर गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्राम प्रधान मुकेश सिंह, प्रभुनाथ सिंह, हुकुम सिंह, सुदर्शन सिंह, गुलाब सिंह, राम आसरे सिंह, राहुल सिंह समेत कई लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *