नोएडा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को गौतमबुद्ध नगर के दादरी में आयोजित ‘समाजवादी समानता भाईचारा’ रैली में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने साफ कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का लक्ष्य 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाना है।
भाजपा के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया
अखिलेश यादव ने भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उपचुनावों में धांधली के जरिए जीत हासिल की गई, लेकिन 2027 के आम चुनाव में यह रणनीति सफल नहीं होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
एमओयू तो किए, लेकिन जमीन पर उनका कोई असर नहीं दिखा
सपा प्रमुख ने रोजगार और विकास के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बड़े-बड़े एमओयू तो किए, लेकिन जमीन पर उनका कोई असर नहीं दिखा। युवाओं को रोजगार नहीं मिला और न ही ठोस अवसर दिए गए। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
परियोजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन ली जा रही
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन ली जा रही है, लेकिन उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिल रहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सपा सरकार बनने पर किसानों को बाजार दर के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।प्रधानमंत्री द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर दिए गए बयान पर भी उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि नोएडा और दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का बड़ा विस्तार समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान हुआ था।
कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए
रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए एक सामाजिक न्याय का आंदोलन है, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव को लक्ष्य बनाकर अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
