अयोध्या। एकादशी के पावन अवसर पर अयोध्या में आयोजित पंचकोसी परिक्रमा में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह से ही परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। आसपास के जिलों के साथ-साथ बिहार सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचे और परिक्रमा में शामिल होकर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह पेयजल, चिकित्सा सुविधा और विश्राम की व्यवस्था की गई थी। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती कर भीड़ को सुचारु रूप से नियंत्रित किया गया, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। गौरतलब है कि अयोध्या में 20 मार्च से श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन चल रहा था, जिसका समापन एक दिन पूर्व हुआ।
भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली
इस धार्मिक आयोजन में भी देशभर से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए थे। महायज्ञ के समापन के अगले ही दिन एकादशी पर आयोजित पंचकोसी परिक्रमा में भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिली।परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ भगवान से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। पूरा अयोध्या नगरी भक्तिमय माहौल में डूबी नजर आई।
