अमरोहा। यूपी में अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपलोती कलां गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात हमलावरों ने घर के टिनशेड में सो रहे 35 वर्षीय मजदूर मेहराज उर्फ मिराज की बेरहमी से हत्या कर दी। बदमाशों ने पहले उसके हाथ-पैर बांधे और फिर धारदार हथियार से गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया।

पत्नी रूही और छोटे-छोटे बच्चे पास ही सो रहे थे

हैरानी की बात यह है कि घटना के वक्त उसकी पत्नी रूही और छोटे-छोटे बच्चे पास ही सो रहे थे, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजन पहुंचे तो खून से लथपथ शव देखकर चीख-पुकार मच गई। पत्नी बेहोशी की हालत में मिली, जबकि बच्चे सुरक्षित पाए गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दिल्ली से चार दिन पहले आया था घर

बेहोश पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि होश में आने के बाद भी वह घटना के बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रही है।परिजनों के अनुसार मृतक दिल्ली में मजदूरी करता था और चार दिन पहले ही गांव लौटा था। इस रहस्यमयी हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *