संजीव सिंह, बलिया । जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला की ऑपरेशन के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला आकाश नर्सिंग होम जीराबस्ती से जुड़ा है, जहां लापरवाही और जबरन ऑपरेशन के आरोप सामने आए हैं।
दीनबंधु कुमार राजभर ने 27 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी
पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर निवासी दीनबंधु कुमार राजभर ने 27 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2026 को उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी कुसुम राजभर (25) को आशा कार्यकर्ता के माध्यम से आकाश नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। आरोप है कि 26 मार्च को डॉक्टर हेमंत कुमार सिंह और अस्पताल स्टाफ ने केस को गंभीर बताते हुए सीजर ऑपरेशन कराने का दबाव बनाया और 30 हजार रुपये जमा कराए।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान ही कुसुम की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप लगाए।शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थाना सुखपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर हेमंत कुमार सिंह को बसंतपुर मार्ग स्थित यूनिवर्सिटी मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
आरोपी डॉक्टर का आपराधिक इतिहास रहा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले भी मारपीट, छेड़छाड़ और मेडिकल एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ऑपरेशन में किस स्तर पर लापरवाही हुई। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
