लखनऊ । उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर राज्य सरकार ने गुरुवार को साफ-साफ स्थिति स्पष्ट कर दी। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग रणवीर प्रसाद ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी तरह का संकट नहीं है।

सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और घबराहट में अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल न खरीदें। प्रशासन का कहना है कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर गलत सूचनाएं फैलाकर लोगों में भ्रम और डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रदेश सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर लगातार नजर रखें और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें। तेल कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर अतिरिक्त आपूर्ति की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी परिस्थिति में आम जनता को परेशानी न हो।

केवल जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें

सरकार ने यह भी चेतावनी दी है कि अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण करने से सप्लाई सिस्टम पर दबाव बढ़ सकता है, इसलिए लोग केवल जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।वहीं, लखनऊ पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य सर्वेश वाजपेई ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। कुल मिलाकर, सरकार ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *