बांदा । बांदा-महोबा राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार से गूंज उठा, जब दो तेज रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रक पलभर में आग के गोले में तब्दील हो गए और अंदर बैठे लोग जिंदा जल गए।यह दर्दनाक हादसा मुंडेरी मोड़ के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक ट्रक कबरई की ओर से गिट्टी लादकर आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक बांदा की तरफ से खाली लौट रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने की कोशिश में दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए।

वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला

टक्कर के तुरंत बाद दोनों ट्रकों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला। इस भयावह हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।मृतकों में एक ट्रक चालक और दूसरे ट्रक का चालक व उसका खलासी शामिल हैं। वहीं, एक अन्य खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।

पुलिस हर पहलुओं की कर रही जांच

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई मीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनाई दी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास जाने की हिम्मत तक कोई नहीं जुटा सका।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वाहनों के नंबर के आधार पर उनके मालिकों से संपर्क साधा जा रहा है।प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *