लखनऊ । उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 83 किलो 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 42 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही एक चार पहिया वाहन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5,240 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
दोनों आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे
यह कार्रवाई थाना भुड़कुड़ा क्षेत्र के घटारो हनुमान मंदिर के पास SPBD इंटर कॉलेज तिराहा पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप यादव (निवासी आजमगढ़) और अभिषेक सिंह उर्फ गोलू (निवासी बलिया) के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में प्रदीप यादव ने खुलासा किया कि वह एक लखनऊ निवासी व्यक्ति के संपर्क में था, जो उड़ीसा से गांजा मंगवाकर यूपी में सप्लाई करवाता था। वहीं, अभिषेक सिंह ने बताया कि वह छोटे-छोटे पैकेट बनाकर घूम-घूम कर गांजे की बिक्री करता था और मुनाफा आपस में बांटते थे। दोनों आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे।
इसे जड़ से खत्म करने के लिए आगे की जांच तेज
एएनटीएफ के अनुसार, यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल था और इसे जड़ से खत्म करने के लिए आगे की जांच तेज कर दी गई है। बरामद मोबाइल और वाहन के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।इस कार्रवाई को उत्तर प्रदेश पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे नशा तस्करी के नेटवर्क पर एक और करारा प्रहार हुआ है।
