वाराणसी । यूपी के वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लहरतारा पुल के पास एक गली में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना भीषण था कि पूरा मकान पलक झपकते ही मलबे में तब्दील हो गया। इस दौरान अफरातफरी मच गई ।
चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर दौड़े तो देखा कि मकान पूरी तरह ढह चुका है और चार लोग मलबे में दबे हुए हैं। चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची टीम ने सभी घायलों को निकालकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां डॉक्टरों ने प्रीति (27) और ओम कुमार चौधरी (30) को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमन चौधरी (31) और 60 वर्षीय गिरजा देवी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।
धमाके की गूंज दूर तक सुनाई दी, दहशत का माहौल
बताया जा रहा है कि गैस सिलिंडर फटने से यह भयावह हादसा हुआ। धमाके की गूंज दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल है और पुलिस-प्रशासन जांच में जुट गया है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर रसोई गैस सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़े : एक हादसा, दो जनाजे: पिता की मौत का सदमा न सह सकी बेटी, एक ही आंगन से उठीं दो अर्थियां
यह भी पढ़े : मैनाठेर कांड में 15 साल बाद न्याय: डीआईजी पर हमले के 16 आरोपी दोषी, 27 मार्च को सजा
