लखनऊ। राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर विस्तार में एक चौंकाने वाली चोरी का खुलासा हुआ है, जहां घर में वर्षों से काम कर रही नौकरानी ने ही मालिक के भरोसे को तोड़ते हुए लाखों के जेवर और सामान पर हाथ साफ कर दिया।पीड़ित परिवार के मुखिया रवीश कुमार त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने परिवार के साथ उज्जैन गए हुए थे। इसी दौरान उनके घर में काम करने वाली महिला चंदा, जो पिछले चार साल से उनके यहां रहकर काम कर रही थी, ने मौका पाकर घर से कीमती आभूषण, करीब 10 हजार रुपये नकद और लेडीज पर्स चोरी कर लिया।

अलमारी से जेवर व नकदी गायब होने पर नौकरानी पर हुआ शक

घर लौटने पर जब परिवार ने सामान चेक किया तो अलमारी से जेवर और नकदी गायब मिली। शक की सुई सीधे नौकरानी पर गई, जो घटना के बाद से ही लापता थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोमतीनगर विस्तार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी महिला की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को सफलता मिली और 22 मार्च की रात करीब 10 बजे एसएसबी बिल्डिंग के पास बने अंडरपास से आरोपी चंदा को गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला के कब्जे से चारी का सामान बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किया गया सामान बरामद किया, जिसमें सोने-चांदी के कई आभूषण शामिल हैं। बरामद सामान में हार, चेन, मंगलसूत्र, कंगन, अंगूठियां, झुमके, टॉप्स, पायल, बिछिया समेत अन्य कीमती गहने शामिल हैं। इसके अलावा एक लेडीज पर्स और मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महिला ने लंबे समय से घर में काम करते हुए परिवार का भरोसा जीता और उसी भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

घरों में काम करने वाले लोगों का सत्यापन जरूरी

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वह पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल तो नहीं रही।इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरों में काम करने वाले लोगों का सत्यापन कितना जरूरी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू सहायकों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *