लखनऊ । उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बदलाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। क्षेत्रवार जिला कमेटियों के गठन के बाद अब पार्टी ने प्रदेश कमेटी के गठन और निगम, बोर्ड व आयोगों में कार्यकर्ताओं के मनोनयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।इसी कड़ी में शनिवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में प्रदेश कमेटी के गठन को लेकर गहन मंथन हुआ

करीब एक घंटे चली इस बैठक में प्रदेश कमेटी के गठन को लेकर गहन मंथन हुआ। महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मीडिया टीम और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों के संभावित नामों पर चर्चा की गई। हालांकि, इन नामों पर अंतिम फैसला अब दिल्ली में होने वाली बैठक में लिया जाएगा।सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह भी सहमति बनी कि जिन कार्यकर्ताओं को संगठन में स्थान नहीं मिल पा रहा है या जिन्हें संगठन से बाहर किया जाना है, उन्हें निगमों, बोर्डों और आयोगों में समायोजित किया जाएगा। इसे पार्टी के भीतर संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

जिला कमेटियों का गठन लगभग पूरा हो चुका

बताया जा रहा है कि जिला कमेटियों का गठन लगभग पूरा हो चुका है और अब प्रदेश स्तरीय कमेटी को जल्द अंतिम रूप देकर आगामी चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया जा रहा है।बैठक मूल रूप से योगी आदित्यनाथ के आवास पर प्रस्तावित थी, लेकिन उनके शहर से बाहर होने के कारण इसे ब्रजेश पाठक के आवास पर आयोजित किया गया। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को फोन पर पूरी जानकारी दी और प्रस्तावित सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए।

बैठक कर दो-तीन दिनों में नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा

सूत्रों का कहना है कि संसद सत्र के चलते अब दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक कर दो-तीन दिनों में नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके बाद प्रदेश कमेटी और मनोनयन की सूची जारी की जाएगी।वहीं, बैठक के बाद नेताओं ने सोशल मीडिया पर भी इस बैठक की जानकारी साझा की। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इसे विकास और संगठनात्मक चर्चा बताया, जबकि केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए रणनीति पर चर्चा की बात कही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *