बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर के धामपुर निवासी और युवा यूट्यूबर सौमिल अग्रवाल (28) इस समय इस्राइल में गंभीर परिस्थितियों में फंसे हुए हैं। वह 24 फरवरी 2026 को एक शूटिंग प्रोजेक्ट के सिलसिले में इस्राइल गए थे, लेकिन वहां हालात अचानक बदल जाने से उनकी वापसी संभव नहीं हो पा रही है।
शूटिंग के लिए गए थे, युद्ध में फंसे
जानकारी के अनुसार, सौमिल अग्रवाल को एक कंपनी के आमंत्रण पर कुछ दिनों की शूटिंग के लिए इस्राइल भेजा गया था। लेकिन इसी दौरान इस्राइल और ईरान के बीच तनाव और संघर्ष बढ़ने के कारण स्थिति बिगड़ गई, और वह वहीं फंस गए।फिलहाल वह तेल अवीव में एक होटल के बंकर में रह रहे हैं और लगातार संपर्क में हैं।
भोजन और बुनियादी सुविधाओं की समस्या
सौमिल ने परिवार को बताया है कि उनके पास पैसे खत्म हो चुके हैं और हालात बेहद कठिन हैं। कंपनी की ओर से कुछ सहायता मिल रही है, लेकिन शाकाहारी भोजन की कमी उनके लिए बड़ी समस्या बन गई है।
इसके अलावा, उनके पास सीमित कपड़े हैं, जो लंबे समय से उपयोग के कारण गंदे हो चुके हैं और धुलाई की सुविधा भी पर्याप्त नहीं मिल पा रही है।
भारत वापसी में बड़ी बाधा
बताया जा रहा है कि इस्राइल से यूरोप के रास्ते भारत लौटना एक विकल्प हो सकता है, लेकिन ट्रांजिट वीजा न होने के कारण वह यह रास्ता भी नहीं अपना पा रहे हैं, जिससे उनकी वापसी और जटिल हो गई है। परिवार ने बताया कि सौमिल लगातार उनसे संपर्क में हैं और वहां के हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। उनकी मां पारुल अग्रवाल अपने इकलौते बेटे की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।परिवार के करीबी और रिश्तेदार भी लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सरकार से मदद की अपील
परिजनों ने भारत सरकार से अपील की है कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर सौमिल अग्रवाल को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।
