अयोध्या । आईपीएल के आगामी सीजन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स की पूरी टीम आस्था की नगरी अयोध्या पहुंची, जहां खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने श्रीराम जन्मभूमि परिसर में दर्शन-पूजन कर भगवान का आशीर्वाद लिया।टीम के साथ फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका भी मौजूद रहे। सभी ने राम मंदिर अयोध्या में विधिवत पूजा-अर्चना कर नए सीजन में बेहतर प्रदर्शन की कामना की। इस दौरान टीम के कप्तान ऋषभ पंत सहित अन्य खिलाड़ियों ने भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर जीत और सफलता की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला
मंदिर परिसर में टीम के पहुंचने से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उत्सुकता दिखाई। मंदिर प्रशासन की ओर से गोपाल राव और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे अधिकारियों ने टीम का स्वागत किया और उन्हें मंदिर परिसर का भ्रमण भी कराया। खिलाड़ियों ने मंदिर की भव्यता और व्यवस्था की सराहना की।दर्शन-पूजन के बाद पूरी टीम अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना हो गई।

सकारात्मक ऊर्जा के साथ टूर्नामेंट में उतरने की तैयारी की
आईपीएल के आगाज से पहले टीम का यह आध्यात्मिक दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां खिलाड़ियों ने मानसिक रूप से खुद को मजबूत करने और सकारात्मक ऊर्जा के साथ टूर्नामेंट में उतरने की तैयारी की है।क्रिकेट और आस्था के इस संगम ने यह भी दिखाया कि बड़े मुकाबलों से पहले खिलाड़ी मानसिक संतुलन और आत्मविश्वास के लिए धार्मिक आस्था का सहारा लेते हैं। अब देखना होगा कि मैदान पर यह सकारात्मक ऊर्जा टीम के प्रदर्शन में कितना असर दिखाती है।
