मथुरा । मुथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में ईद के दिन हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। नवीपुर गांव के पास विख्यात गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साई भीड़ सड़कों पर उतर आई और हालात बेकाबू हो गए।
आरोप, बाबा की हत्या गौ-तस्करों द्वारा वाहन से कुचलकर की
प्रारंभिक तौर पर यह आरोप लगाया गया कि बाबा की हत्या गौ-तस्करों द्वारा वाहन से कुचलकर की गई है। इस खबर के फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग आगरा-दिल्ली हाईवे पर जुट गए और जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान भीड़ ने पथराव किया, जिससे कई वाहनों के साथ-साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और हालात को काबू में करने की कोशिश की गई।
फरसा बाबा ने एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया
हालांकि, इस पूरे मामले पर पुलिस का आधिकारिक बयान अलग तस्वीर पेश करता है। श्लोक कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के अनुसार, घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की है, जब चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा ने एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। उसी दौरान घने कोहरे में पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई।पुलिस के अनुसार, जिस कंटेनर को रोका गया था उसमें किराने का सामान मिला, जबकि पीछे से टक्कर मारने वाले ट्रक में तार लदा हुआ था। ट्रक चालक और परिचालक अलवर, राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनमें से चालक घायल है और उसका इलाज चल रहा है।
अब तक की जांच में गौ-तस्करी से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया
पुलिस ने साफ किया है कि अब तक की जांच में गौ-तस्करी से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया है। वहीं, घटना के बाद अफवाहों के चलते भीड़ इकट्ठा हुई और छाता क्षेत्र में जाम व पथराव की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया है।घटना के बाद बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला पहुंचाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। ‘फरसा वाले बाबा’ ब्रज क्षेत्र में गौ-सेवा और अपने निडर स्वभाव के लिए जाने जाते थे।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने व अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
