लखनऊ । राजधानी में शुक्रवार को चांद दिखने के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की जा रही है।ऐशबाग ईदगाह में प्रमुख नमाज का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे। इस दौरान मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अगुवाई में नमाज अदा की गई और देश में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआ की गई। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सड़कों पर नमाज न पढ़ें।

ईद को लेकर शहर के बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली

ईद को लेकर शहर के बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। अमीनाबाद, चौक, नक्खास और हजरतगंज जैसे प्रमुख बाजारों में देर रात तक खरीदारी होती रही। कपड़े, जूते, सेवइयां और मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खास उत्साह नजर आया।सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ईदगाह और प्रमुख मस्जिदों के आसपास कड़े इंतजाम किए हैं। नमाजियों की सुविधा के लिए यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। पुराने लखनऊ के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, जिससे भीड़भाड़ को नियंत्रित किया जा सके।

कुछ इलाकों में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई

सीतापुर रोड, डालीगंज, पक्का पुल, बड़ा इमामबाड़ा, नींबू पार्क, चौक और मेडिकल कॉलेज समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को डायवर्ट किया गया है। कई स्थानों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है, जबकि कुछ रास्तों पर केवल नमाजियों के वाहनों को ही अनुमति दी गई है।इसके अलावा नवरोज के अवसर पर भी शहर के कुछ इलाकों में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है।ईद के मौके पर लोग एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दे रहे हैं और जरूरतमंदों की मदद कर भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश कर रहे हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *