मथुरा ।यूपी के मथुरा के ब्रज क्षेत्र में ईद के दिन एक सनसनीखेज घटना ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी अंतर्गत नवीपुर गांव में विख्यात गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की कथित रूप से गौ-तस्करों द्वारा वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई।
बाबा चंद्रशेखर को इलाके में गौ-तस्करी की सूचना मिली थी
बताया जा रहा है कि बाबा चंद्रशेखर को इलाके में गौ-तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ तस्करों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान नवीपुर के पास आरोपियों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और आगरा-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया। इस दौरान कुछ स्थानों पर पथराव की भी खबर सामने आई, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला लाया
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। छाता पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में सघन नाकाबंदी कर दी है। बरसाना की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।घटना के बाद बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला लाया गया, जहां हजारों की संख्या में ग्रामीण और गौ-भक्त एकत्र हो गए।
‘फरसा वाले बाबा’ ब्रज क्षेत्र में गौ-वंश की रक्षा और अपने निडर स्वभाव के लिए काफी प्रसिद्ध थे।इस वारदात के बाद हिंदूवादी संगठनों और गौ-सेवकों में गहरा आक्रोश है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
