लखनऊ । “वासंतिक नवरात्रि” के पावन अवसर पर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रैली के शुभारंभ के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अनिल कुमार यादव और अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) गोपीनाथ सोनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रैली पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए 1090 चौराहे पर संपन्न हुई
यह जागरूकता रैली रिजर्व पुलिस लाइन ग्राउंड से शुरू होकर बादशाहनगर, लेखराज मार्केट और पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए 1090 चौराहे पर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।इस अभियान के तहत करीब 220 पिंक स्कूटी, टीयूवी और पीआरवी वाहनों के साथ लगभग 600 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। रैली का उद्देश्य गांवों, मोहल्लों और कस्बों तक पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देना और उन्हें जागरूक बनाना है।
विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
पुलिस द्वारा बताया गया कि अभियान के दौरान लोगों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090, 112, 1098, 108, 1930 और 181—के उपयोग के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।इसके साथ ही लखनऊ कमिश्नरेट में स्थापित पिंक बूथों की कार्यप्रणाली के बारे में भी लोगों को अवगत कराया जाएगा। इन बूथों के माध्यम से महिलाओं को तत्काल सहायता, सुरक्षा और परामर्श उपलब्ध कराया जाता है।अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गुड टच-बैड टच” के बारे में भी किया जाएगा जागरूक
इनमें महिलाओं को स्व-रक्षा के तरीके सिखाए जाएंगे और बच्चों को “गुड टच-बैड टच” के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव और कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह पहल “मिशन शक्ति” अभियान के तहत चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।इस रैली के माध्यम से लखनऊ पुलिस ने यह संदेश दिया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी से ही इसे मजबूत बनाया जा सकता है।
