कन्नौज । उत्तर प्रदेश के कन्नौज से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। तिर्वा इलाके के बहसार गांव में बदले की आग में जल रहे एक युवक ने 12 वर्षीय मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।बताया जा रहा है कि बुधवार शाम मासूम असद घर के बाहर खेल रहा था, तभी गांव का ही 19 वर्षीय युवक अरबाज उसे बेर खिलाने का झांसा देकर अपने साथ खेतों की ओर ले गया। वहां पहुंचकर उसने मासूम के हाथ अंडरवियर के नाड़े से बांध दिए और मुर्गा काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया।
बच्चे की नश काटकर हो गया फरार
हैवानियत यहीं नहीं रुकी—आरोपी ने उसकी कलाई की नस भी काट दी और मौके से फरार हो गया।जब परिजन बच्चे की तलाश करते हुए खेतों तक पहुंचे तो वह खून से लथपथ तड़पता मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया
पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। उसने बताया कि दो साल पहले मासूम के पिता ने उसकी मां का अपमान किया था, तभी से वह बदले की आग में जल रहा था। उसका कहना था कि वह बच्चे के पिता की हत्या करना चाहता था, लेकिन मौका न मिलने पर उसने मासूम को ही निशाना बना लिया। आरोपी ने यहां तक कहा कि उसे अपने किए का कोई पछतावा नहीं है।घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
