लखनऊ । यूपी की राजधानी के थाना महिगवां क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

किशारी से जबरन किया था दुष्कर्म

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को पीड़िता के परिजनों द्वारा थाना महिगवां में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपी ने उनकी नाबालिग पुत्री को जबरन अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी।शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं, एससी/एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त बीकेटी द्वारा स्वयं इसकी विवेचना की जा रही है। पीड़िता का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

19 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी बृजेश यादव (उम्र करीब 28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और मानवाधिकार नियमों का पालन किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस पूरे ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक राम कुमार गुप्ता के निर्देशन में उपनिरीक्षक शशांक शुक्ला, उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र राय, महिला हेड कांस्टेबल प्रवेशिका देवी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *