लखनऊ। राजधानी में राज्य कर विभाग ने शराब तस्करी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। चावल की आड़ में अवैध रूप से ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप को पकड़ते हुए विभाग की टीम ने एक ट्रक से करीब 900 पेटियों में भरी 10 हजार से अधिक बोतलें बरामद की हैं। बरामद शराब की कीमत 70 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
ऐसे हुआ खुलासा
राज्य कर विभाग, लखनऊ जोन-प्रथम की सचल दल पंचम इकाई के असिस्टेंट कमिश्नर श्यामवीर सिंह ने बुधवार देर रात करीब 11 बजे चेकिंग के दौरान RJ07GC4625 नंबर के ट्रक को रोका।
ई-वे बिल में ट्रक में सुगंधित चावल लदा होना दर्शाया गया था, जिसे पंजाब से उड़ीसा भेजा जाना दिखाया गया।
शक कैसे गहराया
अधिकारियों को तब संदेह हुआ जब उड़ीसा जैसे चावल उत्पादक राज्य में चावल भेजे जाने की बात सामने आई।जांच के दौरान ट्रक के ऊपर भूसे के पैकेट रखे मिले, जबकि वाहन का कुल वजन 30 टन से अधिक था।जब भूसे के पैकेट हटाए गए तो अंदर से भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं। ट्रक को मीराबाई मार्ग स्थित कार्यालय लाकर करीब 18 घंटे तक भौतिक सत्यापन किया गया।
कौन-कौन से ब्रांड मिले
बरामद शराब में बड़े अंग्रेजी ब्रांड शामिल हैं:
रॉयल चैलेंज
मैकडॉवेल्स
इम्पीरियल ब्लू
पेटियों पर निर्माता कंपनी यूनाइटेड स्प्रिट्स, मोहाली (पंजाब) का नाम दर्ज मिला।
बिहार में खपाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक कागजों में उड़ीसा जा रहा था, लेकिन असल में शराब बिहार में उतारी जानी थी, जहां शराबबंदी के चलते अवैध तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय रहता है।विभाग के अनुसार यह शराब केवल पंजाब में बिक्री के लिए अधिकृत थी।मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला आबकारी अधिकारी को सूचना दे दी गई है।
