लखनऊ। एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 733 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.83 करोड़ रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है।
दो माेबाइल फोन व टाटा कंटेनर किया बरामद
गिरफ्तार तस्करों की पहचान विनोद कुशवाहा निवासी बांदा और जितेंद्र शिव हरे निवासी हमीरपुर के रूप में हुई है। एसटीएफ ने इनके पास से दो मोबाइल फोन और एक टाटा कंटेनर (नंबर HR 55 W 3217) भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में एक सक्रिय गिरोह बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है। इसी इनपुट के आधार पर टीम लगातार निगरानी कर रही थी।18 मार्च 2026 की देर रात करीब 1:45 बजे, मोहनलालगंज क्षेत्र में महेश प्रसाद डिग्री कॉलेज के सामने बिंदुवा इलाके में एसटीएफ ने घेराबंदी कर कंटेनर को रोका। तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ और दोनों तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं। यह गिरोह उड़ीसा और आंध्र प्रदेश से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचता था।तस्करी के लिए यह लोग कंटेनर और अन्य बड़े वाहनों का इस्तेमाल करते थे और रास्ते बदल-बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश करते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।
कानूनी कार्रवाई
इस मामले में थाना मोहनलालगंज में NDPS एक्ट की धाराओं 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और सरगना तक पहुंचने के लिए आगे की जांच में जुटी है।
