नई दिल्ली । नई दिल्ली के पालम इलाके के साध नगर में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। इस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया

बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान से हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दूसरी व तीसरी मंजिल तक फैल गई, जहां रिहायशी फ्लैट मौजूद थे। इमारत में कपड़ों और कॉस्मेटिक्स के कई स्टोर भी संचालित थे, जिससे आग और तेजी से भड़क गई।आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में धुएं का गुबार भर गया, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हालात इतने भयावह हो गए कि कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग तक लगा दी।

दमकल विभाग की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सात घायलों (जिनमें तीन बच्चे शामिल थे) को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।घटना पर रेखा गुप्ता ने गहरा दुख जताते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।

राहत और बचाव कार्य पर लगातार नजर रखी जा रही

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस राहत कार्य में जुटे हैं और हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।वहीं, तरनजीत सिंह संधू ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *