लखनऊ। राजधानी के मड़ियांव थाना क्षेत्र में अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े संगठित चोरी गैंग का खुलासा हुआ है। दुकानों के शटर और ताले तोड़कर मोबाइल व टैब चोरी करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

करीब 20 लाख रुपये का माल बरामद किया

गिरफ्तार अभियुक्तों में अमन उर्फ नफीस (23 वर्ष) निवासी बहराइच, मो. जीशान (26 वर्ष) निवासी ठाकुरगंज, अजमत अली उर्फ मंटू (25 वर्ष) निवासी ठाकुरगंज और समीर उर्फ डाबर (19 वर्ष) निवासी तालकटोरा शामिल हैं।पुलिस ने इनके कब्जे से 41 मोबाइल फोन, 2 टैबलेट और करीब 20 लाख रुपये का माल बरामद किया है। इसके साथ ही इनके पास से .303 बोर के 2 देशी तमंचे, 1 रिवॉल्वर (.32 बोर) और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गैंग पहले शहर में बंद दुकानों की रेकी करता था। इसके बाद रात के समय शटर और ताले तोड़कर महंगे मोबाइल और टैब चोरी कर लेता था। चोरी के बाद माल को नेपाल ले जाकर बेच दिया जाता था, जिससे उन्हें मोटा मुनाफा मिलता था।

लग्जरी कार और बाइक से करते थे मूवमेंट

अभियुक्त वारदात को अंजाम देने के लिए Hyundai Verna कार और दो मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल करते थे, जिससे उन पर शक न हो और आसानी से फरार हो सकें।पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गैंग मड़ियांव, अलीगंज, जानकीपुरम, चिनहट और इटौंजा समेत कई थाना क्षेत्रों में सक्रिय था। इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे इनके शातिर होने का अंदाजा लगाया जा सकता है।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *