कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर के एक गांव में सोमवार शाम बकरी चराने गई 11 वर्षीय बच्ची की हत्या कर शव को खेत में गाड़ने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। परिजनाें ने पड़ोसी पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने की आशंका जतायी है। पुलिस ने मंगलवार काे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और एक आरोपित को हिरासत में लेकर जांच शुरु कर दी है।
सोमवार शाम बकरी चराने खेत गई थी
बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव के पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बेटी पांचवी की छात्रा थी। सोमवार शाम बकरी चराने खेत गई थी। देर रात तक घर न आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ अपने स्तर से खोजबीन शुरू की लेकिन पता नहीं चला। आज तड़के परिजनों ने जब दोबारा खोजबीन शुुरु की तभी घर से करीब तीन सौ मीटर दूर गेंहू के खेत में एक जगह मिट्टी खुदी हुई देख परिजन चाैंक गए। परिजनाें ने वहां खोद कर देखा तो बच्ची का शव दिखा। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर बच्ची के शव को बाहर निकलवाया ताे शरीर में कपड़े नहीं थे।
पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में लिया
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की ऐसी हालत देख कर परिवार में कोहराम मच गया। उन्हाेंने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव को गाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस परिजनाें की शिकायत पर आराेपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई।बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर ने बताया कि एक आराेपित युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिक जानकारी देना संभव नहीं है।
