लखनऊ । राजधानी में लारी अस्पताल में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दवा खरीदने को लेकर कुछ युवकों ने मरीजों के तीमारदारों के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वजीरगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक 16 मार्च को उप निरीक्षक प्रदीप नागर और कपिल सिंह चौधरी क्षेत्र में गश्त और जांच के दौरान लारी अस्पताल के ओपीडी परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कुछ युवक दवाइयों की खरीद को लेकर तीमारदारों से विवाद कर रहे हैं, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

हंगामा के चलते मरीजों में दहशत फैल गई

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माने और उग्र होकर हंगामा करने लगे। इससे अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए चारों आरोपियों—मुस्तकीम खान (25), मो. अफजल (22), शहजान (20) और साकिब (19) को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।

किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी: प्रभारी निरीक्षक

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने किया। पुलिस का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *