लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा के पहले दिन पूछे गए एक प्रश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रश्न पत्र में दिए गए विकल्पों में एक जाति से जुड़े शब्द के शामिल होने पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। मामला बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर संज्ञान लेते हुए भर्ती बोर्डों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।

आस्था से जुड़े विषयों पर अमर्यादित टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की मर्यादा और आस्था से जुड़े विषयों पर अमर्यादित टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी भर्ती बोर्डों के अध्यक्ष अपने-अपने पेपर सेटर्स को स्पष्ट रूप से यह दिशा-निर्देश दें कि भविष्य में इस तरह की त्रुटि न हो। साथ ही ऐसे मामलों में आदतन लापरवाही या आपत्तिजनक प्रवृत्ति पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को तुरंत प्रतिबंधित किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह शर्त पेपर सेटर्स के साथ किए जाने वाले एमओयू का हिस्सा बनाई जाए।

यह था पूरा मामला

दरअसल, परीक्षा में एक प्रश्न पूछा गया था जिसमें “अवसर के अनुसार बदलने वाला” वाक्यांश के लिए एक शब्द चुनना था। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे—

सदाचारी

पंडित

अवसरवादी

निष्कपट

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़ी निगरानी रखी

इन विकल्पों में “पंडित” शब्द को लेकर विवाद खड़ा हो गया, क्योंकि अन्य विकल्प किसी व्यक्ति के गुण या अवगुण से जुड़े थे जबकि यह शब्द एक जाति से भी संबंधित माना जाता है। प्रश्नपत्र बाहर आने के बाद यह सवाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और इसे लेकर बहस छिड़ गई।इधर, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा में पहले दिन करीब 5,31,765 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़ी निगरानी रखी।

आरोपी फर्जी प्रश्नपत्र भेजकर अभ्यर्थियों से ठगी कर रहा था

परीक्षा से जुड़ी अफवाहें फैलाने और भर्ती प्रक्रिया की शुचिता भंग करने की कोशिश करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ लखनऊ में सात मुकदमे दर्ज किए गए हैं।वहीं, उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने आगरा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी प्रश्नपत्र भेजकर अभ्यर्थियों से ठगी कर रहा था। एसटीएफ के मुताबिक मामले की जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई हो सकती है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *