लखनऊ । उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर और गोरखपुर में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित डीएवी तिराहे के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक फराह नाम की महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से गैस सिलिंडर भरवाने जा रही थी।

पुलिस ने मालवाहक वाहन के चालक को हिरासत में लिया

इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह बाइक से गिरकर सड़क पर जा गिरी। तभी पीछे से आ रहा एक मालवाहक वाहन उसे कुचलते हुए निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर उसे जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने मालवाहक वाहन के चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे परिवार में मातम छा गया।

आयुष गैस सिलिंडर लेने के लिए सुदामा गैस एजेंसी गया था

वहीं दूसरी घटना गोरखपुर जिले के Bansgaon थाना क्षेत्र के करहल गांव में हुई। यहां सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर आयुष साहनी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आयुष गैस सिलिंडर लेने के लिए सुदामा गैस एजेंसी गया था। एजेंसी पर ओटीपी जांच की प्रक्रिया चल रही थी और वह अपना मोबाइल घर पर भूल गया था। मोबाइल लेने के लिए घर लौटते समय रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल बांसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आयुष एक निजी कॉलेज में छठवीं कक्षा का छात्र था

मृतक के बाबा चौथी साहनी ने बताया कि आयुष के पिता बिहारी साहनी बंगलूरू में काम करते हैं। परिवार में उसकी मां सीमा और छोटा भाई पीयूष है। आयुष एक निजी कॉलेज में छठवीं कक्षा का छात्र था। उसकी अचानक मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *