मुरादाबाद। मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हनी ट्रैप के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक पति-पत्नी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह फोन के माध्यम से लोगों से दोस्ती कर उन्हें मिलने के बहाने घर बुलाता था और फिर उनका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता था।
आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिलने का दावा किया
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ताजपुर निवासी रिहाना, शगुफ्ता, चांदबी, भोजपुर के धर्मपुरा निवासी इलमा और उसके पति सुलेमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें कई लोगों के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिलने का दावा किया गया है।
कबाड़ कारोबारी युवक ने 25 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई
पुलिस के अनुसार इस मामले का खुलासा तब हुआ जब क्षेत्र के एक कबाड़ कारोबारी युवक ने 25 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवक ने बताया कि एक महिला ने फोन कर उसे ताजपुर में मिलने के लिए बुलाया था। जब वह वहां पहुंचा तो महिला और उसके साथियों ने उसे बंधक बनाकर निर्वस्त्र कर दिया और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और पुलिस में मामला दर्ज कराने की धमकी देकर उससे 85 हजार रुपये वसूल लिए और तीन लाख रुपये की और मांग कर रहे थे।
अन्य सात आरोपियों की पहचान कर ली गई
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार गिरोह में शामिल अन्य सात आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
