लखनऊ । राजधानी में सोशल मीडिया के जरिए यूपी पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए Uttar Pradesh Police Recruitment and Promotion Board की सोशल मीडिया सेल में तैनात इंस्पेक्टर सतेंद्र कुमार की तहरीर पर Husainganj Police Station में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान करने में जुटी है।

लिखित परीक्षा 24 और 25 मार्च को होनी है आयोजित

एफआईआर के अनुसार उपनिरीक्षक सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 24 और 25 मार्च को आयोजित होनी है। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भर्ती बोर्ड की सोशल मीडिया सेल इंटरनेट पर लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान टेलीग्राम पर ‘UP SI UP POLICE-2026’, ‘RESULT PANEL PVT TM’ और ‘UP SI EXAM PAPER UP SI-2026’ नाम से कुछ चैनल संचालित होते पाए गए।इन चैनलों के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिलाने के नाम पर परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा था। आरोप है कि चैनल संचालक कम्प्यूटर नेटवर्क का दुरुपयोग कर अभ्यर्थियों को संदेश भेजकर पैसे मांग रहे थे।

10 हजार रुपये परीक्षा के बाद देने की बात कही गई थी

बताया गया कि एक टेलीग्राम चैनल पर UPI आईडी के जरिए अभ्यर्थियों से 20 हजार रुपये जमा करने पर उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का दावा किया गया। वहीं दूसरे चैनल की ओर से क्यूआर कोड साझा कर गूगल पे के माध्यम से 10 हजार रुपये अग्रिम और 10 हजार रुपये परीक्षा के बाद देने की बात कही गई थी।पुलिस के अनुसार ऐसे संदेशों से अभ्यर्थियों को गुमराह किया जा रहा है और इससे सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही

इस संबंध में Vikas Kumar Jaiswal ने बताया कि साइबर सेल की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं भर्ती बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक ने भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *